Bahraich Violence Update: यूपी के बहराइच जिले में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में राम गोपाल मिश्रा की मौत के दो आरोपियों तालिब और सरफराज का एसटीएफ ने नेपाल बॉर्डर पर एनकाउंटर में घायल कर दिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। इन्हें इलाज के लिए नानपारा अस्पताल से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
आरोपियों का एनकाउंटर नेपाल बॉर्डर से 50 किमी पहले नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हांडा बसेहरी नहर के पास हुआ। एसटीएफ और बहराइच पुलिस ने सरफराज और तालिब के अलावा और लोगों को घेर लिया। पहले उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया था। जवाब में आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सरफराज और तालिब को पैर में गोली लग गई।
बहराइच हिंसा के दौरान सरफराज की गोली चलाते हुए तस्वीर सामने आई थी। यूपी पुलिस ने गुरुवार को सरफराज के भाई फहीम, पिता अब्दुल हमीद और एक अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ को लेकर पुलिस मुख्यालय में बड़ी बैठक चल रही है। इस बैठक में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि अभी कैजुअल्टी की जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस द्वारा पांच आरोपी पकड़े गए हैं। जानकारी के मुताबिक, कुल 5 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। इनमें एनकाउंटर में दो को गोली लगी है। मामला नेपाल सीमा के पास हांडा बसेहरी नहर के पास का है।
वहीं, घायल आरोपियों का इलाज करने वाले समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा के डॉक्टर ने कहा कि दोनों के पैर में गोली लगी है। एक के दाएं और एक बाएं पैर में। बुलेट एग्जिट पॉइंट नहीं मिला है। गोली अंदर फंसी हुई है। ऐसे में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हिंसा में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार…
मोहम्मद फ़हीन (नामजद)
मोहम्मद तालीम उर्फ सबलू
मोहम्मद सरफराज (नामजद)
अब्दुल हमीद (नामजद)
मोहम्मद अफज़ल