Money Laundring Case Satyendar Jain Bail: दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सशर्त जमानत मिल गई है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने राहत देते हुए कहा कि अभी ट्रायल समाप्त होने के आसार नजर नहीं आते हैं। 50 हजार के निजी मुचलके पर उन्हें जमानत दे दी। जमानत का फैसला सुनने के बाद उनकी पत्नी भावुक होकर रोने लगी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि सत्येंद्र जैन को लंबे समय तक कारावास का सामना करना पड़ा है। मुकदमा जल्द शुरू होने की संभावना नहीं है, पूरा होना तो दूर की बात है। सत्येंद्र जैन जमानत के हकदार है। कोर्ट ने कहा कि वो गवाहों से संपर्क नहीं करेंगे। मुकदमे को प्रभावित नहीं करेंगे और भारत से बाहर यात्रा नहीं करेंगे।
बता दें कि, सत्येंद्र जैन को मई 2022 में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। आप नेता जैन को पिछले साल मई में स्वास्थ्य के आधार पर जमानत मिली थी। वह 10 महीने तक बेल पर रहे थे। हालांकि, इस साल मार्च में उनकी नियमित जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई, हालांकि कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा और 18 मार्च को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था।
पार्टी को मिली राहत
दिल्ली के पूर्व मंत्री को मिली जमानत पार्टी के लिए भी राहत की बात है। ये जमानत ऐसे समय में मिली है जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। सत्येंद्र जैन ही जेल में बंद थे। उनके अलावा आप के सभी बड़े नेता जेल से बाहर आ चुके हैं। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को पहले ही कोर्ट से राहत मिल चुकी है। अब आम आदमी पार्टी को चुनावी रणनीति बनाने में मदद मिलेगी और चुनाव प्रचार में तेजी आएगी।