Delhi Liqour Scam Arvind Kejriwal CBI Remand: आम आदमी पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केन्द्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने कोर्ट में केजरीवाल की 5 दिन के लिए हिरासत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने इस पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल को तीन दिन की हिरासत में भेजा है।
आप संयोजक ने सुनवाई के दौरान अदालत से कहा था कि मीडिया में सीबीआई सूत्रों के हवाले से दिखाया जा रहा है कि मैंने एक बयान में पूरा दोष मनीष सिसोदिया पर डाल दिया है, मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है कि सिसोदिया दोषी हैं या कोई और दोषी है। मैंने कहा है कि सिसोदिया निर्दोष हैं, आम आदमी पार्टी निर्दोष है, मैं निर्दोष हूं।
उन्होंने कहा कि उनकी पूरी योजना मीडिया के सामने हमें बदनाम करने की है। प्लीज रिकॉर्ड करें कि ये सभी बातें सीबीआई सूत्रों के माध्यम से मीडिया में चलाई गई हैं। केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि सीबीआई इस मुद्दे को सनसनीखेज बना रही है, उन्होंने कहा कि इसका स्पष्टीकरण किया जाना चाहिए, उनका उद्देश्य मामले को सनसनीखेज बनाना है।
साजिश का पता लगाने के लिए हिरासत जरूरी- सीबीआई
कोर्ट में सीबीआई के वकील ने कहा था कि उन्होंने तथ्यों के आधार पर बहस की थी और किसी भी एजेंसी के सूत्र ने कुछ नहीं कहा था। केजरीवाल की हिरासत की मांग करने वाले आवेदन में सीबीआई ने अदालत से कहा कि मामले में बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जानी है, दिल्ली के मुख्यमंत्री को सबूतों और मामले में आरोपी अन्य लोगों के सामने पेश किया जाना है।
सीबीआई ने कहा कि हमें उनसे हिरासत में पूछताछ की जरूरत है। वह यह भी नहीं पहचान रहे हैं कि (सह-आरोपी) विजय नायर उनके अधीन काम कर रहे थे, उनका कहना है कि विजय नायर आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज के अधीन काम कर रहे थे। वह सारा दोष मनीष सिसोदिया पर डाल रहे हैं। उनसे आमना-सामना कराया जाना चाहिए और उन्हें दस्तावेज दिखाए जाने की जरूरत है। जिसके लिए जांच एजेंसी को केजरीवाल की हिरासत की जरूरत है।
Read Also: UP: आम चुनाव के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी योगी सरकार, OPS पर कैबिनेट ने लगाई मुहर