T20 World Cup 2024 Semifinal Schedule: आईसीसी टी20 वर्ल्डकप 2024 के सुपर-8 मैच में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 8 रन से धूल चटाकर सेमीफाइनल मे जगह बना ली है। सेमीफाइनल के लिए अब चारों टीमों का नाम तय हो गया। अब अफगानिस्तान का सेमीफाइनल में मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से और भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होने जा रहा है। बांग्लादेश की हार के बाद अब ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट में सेमीफाइनल से बाहर हो गया। सोमवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 24 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने वनडे विश्वकप 2023 के फाइनल में मिली हार का बदला पूरा कर लिया।
अब टी20 विश्वकप 2024 के सेमीफाइनल के लिए चार टीमें तय हो चुकी है, जिसमें साउथ अफ्रीका, भारतीय टीम, इंग्लैंड, अफगानिस्तान की टीम का नाम शामिल है। ऐसे में जानते हैं कब, कहां और कौन-सी टीमें सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ती हुई नजर आएगी। टी20 विश्वकप 2024 का पहला सेमीफाइनल मैच साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच बुधवार यानी 26 जून को ब्रायन लारा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजे से खेला जाएगा।
इस मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया है। हर सेमीफाइनल मैच के लिए 250 मिनट का एडिशनल टाइम रखा गया है। पहले सेमीफाइनल के दिन के खेल के अंत में 60 मिनट उपलब्ध होंगे, जबकि रिजर्व डे के दिन 190 मिनट अतिरिक्त उपलब्ध होंगे। इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच खेला जाएगा। इस सेमीफाइनल में भारत साल 2022 के टी-20 विश्वकप में सेमीफाइनल में मिली हार का बदला पूरा करना चाहेगा। 2022 के सेमीफाइनल में भारत को इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
Read Also: Haryana: कांग्रेस सांसद के बिगड़े बोल, कहा- ‘किरण चौधरी बंसीलाल की वारिश नहीं’
दोनों टीमों के बीच मुकाबला 27 जून यानी गुरुवार को गुयाना में खेला जाना है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। इस मैच के लिए रिजर्व-डे नहीं रखा गया है, क्योंकि फाइनल मैच के लिए एक ही दिन का गैप दिया गया है। ऐसे में अगले दिन मैच होता है तो फिर फाइनल मैच उसके अगले दिन नहीं हो सकता। दूसरे सेमीफाइनल के लिए 250 मिनट अतिरिक्त उपलब्ध होंगे, क्योंकि इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। अगर बारिश की वजह से भारत बनाम इंग्लैंड का मैच नहीं हो पाता है, तो प्वाइंट्स टेबल के आधार से टीम इंडिया फाइनल के लिए प्रवेश कर लेगी।