Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के महिला हॉकी फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल में भारत के लिए लालरेमसियामी ने एकमात्र गोल किया। जीत के साथ भारतीय टीम ने 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
10वें मिनट में भारत को मिली बढ़त
फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही चीन पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि छठे मिनट में बलजीत कौर को ग्रीन कार्ड मिला, लेकिन भारतीय टीम ने अपने हमले जारी रखे। मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह उनका 200वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी था।
भारत को इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बढ़ाने का मौका मिला, लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल सकी। पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारतीय टीम 1-0 से आगे रही।
चीन ने बनाया दबाव, सविता ने बचाया पेनल्टी स्ट्रोक
दूसरे क्वार्टर में चीन ने अपना खेल आक्रामक कर दिया और भारतीय टीम पर लगातार दबाव बनाया। इसी दौरान चीन को बराबरी का बड़ा मौका पेनल्टी स्ट्रोक के रूप में मिला। हालांकि भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए चीन को गोल करने से रोक दिया।
चीन के लगातार हमलों के बावजूद भारतीय डिफेंडर्स ने मजबूती से मोर्चा संभाले रखा। खेल के 28वें मिनट में चीन की खिलाड़ी वेन डान को फाउल के लिए ग्रीन कार्ड भी दिखाया गया। हाफ टाइम तक भारत की 1-0 की बढ़त बनी रही।
आखिरी दो क्वार्टर में डिफेंस ने संभाला मोर्चा
तीसरे क्वार्टर में चीन ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए और उसे दो पेनल्टी कॉर्नर भी मिले। भारतीय कप्तान सलीमा टेटे और डिफेंडर्स ने चीन के दोनों मौकों को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और खेल की रफ्तार को अपने हिसाब से चलाया।
चौथे क्वार्टर में चीन ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने उसे गोल नहीं करने दिया। 52वें मिनट में रुतुजा पिसाल ने समझदारी से गेंद को रोककर चीन का एक और हमला विफल कर दिया। अंतिम सीटी तक भारत ने 1-0 की बढ़त कायम रखी और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता और 44 साल का इंतजार खत्म किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत अब तक 16 स्वर्ण पदक जीत चुका है।