Delhi Water Crisis: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण जल संकट से जूझ रही है। राजधानी के कई इलाकों में पानी की किल्लत से त्राहिमाम-त्राहिमाम मचा हुआ है। जिसको लेकर सुप्रीम कोर्ट ने इसका संज्ञान लिया है। कोर्ट ने दिल्ली सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि पानी को बचाने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने टैंकर माफिया पर सवाल उठाए और दिल्ली सरकार से पूछा कि क्या टैंकर माफिया के खिलाफ कोई कठोर कदम उठाया गया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सख्त लहजे में सरकार पर टिप्पणी की कि अगर आप टैंकर माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं तो हम दिल्ली पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश देंगे।
इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार से पानी की बर्बादी रोकने के लिए उठाए गए कदमों पर हलफनामा दाखिल करने को कहा और कहा कि हलफनामा आज या कल सुनवाई से पहले दाखिल किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई कल गुरुवार तक के लिए टाल दी है।
सरकार की ओर से पेश हुए वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वे इन उपायों के बारे में हलफनामा दाखिल करेंगे क्योंकि उन्होंने बड़े पैमाने पर कनेक्शन काटने और पानी की बर्बादी रोकने सहित कई कदम उठाए हैं। राजधानी में पानी को बचाने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार का कहना है कि, भीषण गर्मी के कारण राजधानी पानी के संकट का सामना कर रही है। सरकार पानी की बर्बादी रोकने के लिए लगातार कदम उठा रही है। मुख्य जल वितरण नेटवर्क की निगरानी के लिए एडीएम/एसडीएम की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि रिसाव के कारण पानी की बर्बादी न हो। दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से भी मदद नहीं मिल पा रही है। जिसको लेकर कई बार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रूख किया है।
Read Also: http://Andra Pradesh: चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण ने ली शपथ, पीएम मोदी और अमित शाह मौजूद