Saharanpur Imran Masood: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सहारनपुर लोकसभा सीट पर सपा कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद की जीत के बाद शहर में हुड़दंग देखने को मिला है। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो मंगलवार 4 जून की देर रात का है। इस वीडियो में इमरान समर्थक सड़कों पर बाइक और चार पहिया वाहन पर हुड़दंग मचाते नजर आए।
पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि, सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी इमरान मसूद ने बड़ी जीत हासिल की है। मसूद को 5 लाख 47 हजार 967 वोट मिल। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंदी बीजेपी के राघव लखनपाल को 4 लाख 83 हजार 425 मत प्राप्त हुए।
कानून की उड़ाई धज्जियां
इस चुनाव में इमरान मसूद ने 64 हजार 542 वोटों से जीत हासिल की है। तीसरे नंबर पर बसपा के माजिद अली रहे, जिन्हें 1 लाख 80 हजार 353 वोट हासिल हुए। जीत की खुशी में इमरान मसूद के समर्थकों ने सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। कानून की धज्जियां उड़ाते हुए उन्होंने देर रात शहर में नारेबाजी की और लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।
इमरान समर्थकों ने पहले बाइक रैली निकाली। जिसमें एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों बाइक शामिल थीं। किसी बाइक पर एक शख्स बैठा था तो किसी पर तीन। उन्होंने एक तरफ की पूरी सड़क को जाम कर दिया और नारेबाजी कर रहे थे। किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जहां से अब ये वायरल हो गया।
Read Also: Cricket: धोनी के अंदाज में लिया इस स्टार क्रिकेटर ने संन्यास, गेंद और बल्ले से दिया योगदान
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 4 जून की रात का है और अंबाला रोड स्थित कुतबशेर थाने के पास का है। वीडियो में बाइक सवार युवक हुड़दंग मचाते हुए नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। जिसके चलते एक साइड की रोड ब्लॉक हो गई थी। मामले में सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए 50 अज्ञात लोगों और 5 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।