चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ बदसलूखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की एक जवान ने कंगना को थप्पड़ मारा है। जिसके बाद आरोपी जवान हिरासत में ली गई। बीजेपी नेता दिल्ली में संसदीय बैठक में शामिल होने के लिए आ रही थी। पुलिस में दी गई शिकायत में बताया गया कि सिक्योरिटी चेक इन के बाद जब वह बोर्डिंग के लिए जा रही थीं, इसी दौरान एलसीटी कुलविंदर कौर (CISF यूनिट चंडीगढ़ एयरपोर्ट ) ने उन्हें थप्पड़ मारा। उसके बाद कंगना रनौत के साथ यात्रा कर रहे शख्स मयंक मधुर, ने कुलविंदर कौर को थप्पड़ मारने की कोशिश की। आरोपी CISF कर्मी को हिरासत में ले लिया गया है।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत फिलहाल दिल्ली पहुंच चुकी है। सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी में सीआईएसएफ की महानिदेशक नीना सिंह को उन्होंने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी है। कंगना का दावा है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कर्टन एरिया में कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर ने उनसे बहस की और उन्हें थप्पड़ मारा। सिपाही कुलविंदर को सीओ कक्ष में हिरासत में लिया गया और पूछताछ जारी है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ द्वारा सीसीटीवी की जांच की जा रही है।
बता दें कि, कंगना रनौत को बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। बॉलीवुड अभिनेत्री ने कांग्रेस से दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस सीट को जीतकर अब वह संसद पहुंची है। आज वह बीजेपी की संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंची है। सांसद बनने के बाद कंगना की यह पहली सियासी बैठक है।
शानदार रहा करियर
अगर कंगना रनौत की बात करें तो वो हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। उन्होंने मॉडलिंग के बाद साल 2006 में गैंगस्टर फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा था। अपने 18 साल के फिल्मी करियर में कंगना दर्जनों फिल्में कर चुकी हैं, जिनमें फैशन, क्वीन, कृष-3, तुन वेड्स मनु और क्वीन जैसी हिट फिल्में शामिल हैं। कंगना रनौत का अब तक का बॉलीवुड सफर शानदार रहा है। अब वह राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रही है।