Delhi Liquor Scam: दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने केजरीवाल की ईडी रिमांड को 5 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। जहां ईडी और केजरीवाल की और से जोरदार दलीलें दी गई। कोर्ट ने मामले की सुनवाई करने के बाद केजरीवाल की रिमांड को एक अप्रैल तक बढ़ा दिया।
एएसजी एसवी राजू ने कहा कि केजरीवाल का बयान दर्ज किया गया है और वो सवालों के सीधे-सीधे जवाब नहीं दे रहे हैं। ईडी ने अरविंद केजरीवाल की 7 दिनों की कस्टडी की मांग की थी। एएसजी ने कहा, ‘जो डिजिटल डेटा मिला है, उसको भी एग्जामाइन किया जा रहा है। कुछ लोगों को गोवा से बुलाया गया है जिनसे आमने-सामने बैठाकर बयान दर्ज कराना हैं। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केजरीवाल के वकील को नसीहत देते हुए कहा कि प्लीज अपनी आवाज धीमी करें।
केजरीवाल ने दी दलील
अदालत के सामने अरविंद केजरवाल ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध किया और कहा दिल्ली शराब नीति वाला दो साल से चल रहा है। अगस्त 2022 में सीबीआई ने केस दर्ज किया था। इसके बाद ईसीआईआर (ECIR) हुई थी। मुझे गिरफ्तार क्यों किया गया जबकि किसी अदालत ने मुझ दोषी माना नहीं है। ईडी मुझे पहले से गिरफ्तार करने का प्लान बना रही थी, हमारी आम आदमी पार्टी (आप) को तोड़ने की कोशिश हो रही है। मेरा नाम चार लोगों के बयान में आया, जिन लोगों ने मेरे पक्ष में बयान दिया था उनके बयान को जबरदस्ती मेरे विरोध में दर्ज कराया गया।
इस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि आप लिखित में बयान क्यों दर्ज नहीं कराते। केजरीवाल ने आगे कहा, ‘ये मामला फिलहाल दो साल से चल रहा है। ईडी ने 25,000 पन्नों की जांच की है क्या एक बयान एक मौजूदा सीएम को गिरफ्तार करने के लिए काफी है? हम हर हालात का सामना करने को तैयार हैं।
केजरीवाल ने एमएसआर (मगुंटा रेड्डी, शराब घोटाले में सरकारी गवाह) का बयान पढ़ते हुए कहा कि, ‘वह 4:30 बजे मुझसे मिलने आए। वह दिल्ली में अपना धर्मार्थ संगठन खोलना चाहते थे और जमीन मांगी, मैंने कहा कि मैं एलजी को भेजूंगा….एमएसआर पिता और पुत्र ने ईडी के सामने 6 बयान दिए लेकिन ईडी ने केवल 7वें बयान का इस्तेमाल किया गया। शरथ रेड्डी ने नौ बयान दिए लेकिन किसी में भी मेरा नाम नहीं था।