Loksabha Chunav 2024: मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की चार लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी। आप राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके इस बार चुनाव ताल ठोकने जा रही है। राजधानी की सात सीटों में से चार सीटों पर आप लड़ेगी। आप के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार, पश्चिम दिल्ली से महाबल मिश्रा, दक्षिण दिल्ली से सहीराम पहलवान और नई दिल्ली से सोमनाथ भारती को टिकट दिया है।
आम आदमी पार्टी ने जिन चार प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई है। वर्तमान में उनमें से तीन विधायक है। हरियाणा में कांग्रेस ने 10 में से एक सीट आम आदमी पार्टी को दी है। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से आप ने हरियाणा आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है।
दिल्ली सरकार के मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता गोपाल राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जो INDIA गठबंधन के लिए सीट जीत सकते हैं। पार्टी ने अभी तक सभी राज्यों में 10 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए भी जल्द नामों का ऐलान किया जाएगा।
गुजरात और हरियाणा में उतारे प्रत्याशी
गौरतलब है कि, महाबल मिश्रा कांग्रेस के पूर्व सांसद रह चुके हैं। साल 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले आप में शामल हो गए थे। अब आप ने उन्हें पश्चिमी दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है। महाबल मिश्रा पश्चिमी दिल्ली से एक बार सांसद रह चुके हैं और द्वारका से तीन बार विधायक रह चुके हैं। अब द्वारका से उसका बेटा विधायक है।
Read Also: Rajyasabha Chunav Voting: तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों पर मतदान जारी, सपा चीफ व्हिप का इस्तीफा
बताया जाता है कि महाबल मिश्रा की पूर्वांचल के मतदाताओं पर अच्छी पकड़ है। पश्चिमी दिल्ली में पूर्वांचल के वोटरों की अच्छी खासी पकड़ है। महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा साल 2020 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे और फिलहाल द्वारका सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं।
दिल्ली के अलावा आम आदमी पार्टी का कांग्रेस के साथ हरियाणा और गुजरात में भी गठबंधन हुआ है। हरियाणा में कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट और गुजरात में भरूच और भावनगर सीट आम आदमी पार्टी के हिस्से आई हैं। आप ने बोटाद के विधायक उमेश मकवाना को भावनगर लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी बनाया है तो डेडियापाडा से विधायक चैत्र बसवा को भरूच लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। हरियाणा की कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है।