Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा चाक चौबंद की गई है। दिल्ली पुलिस ने रक्षा मंत्रालय, अर्द्धसैनिक बलों, सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर राजधानी की सीमा को सील कर दिया। जमीन से लेकर आसमान तक अभेद सुरक्षा घेरा बनाया है। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर कर्तव्य पथ पर 14 हजार जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा नई दिल्ली जिले में 8 हजार जवान तैनात रहेंगे।
इसके अलावा जिले में जगह-जगह दिल्ली पुलिस की क्विक रिएक्शन टीम, स्पेशल सेल स्वाट दस्ता के स्नाइपर्स की तैनाती रहेगी। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सूचनाओं का आदान प्रदान कर रहे हैं, जिससे किसी भी प्रकार की कोई समस्या न आए। संभावित पैराग्लाइडर और ड्रोन हमले की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं।
आज से सील हो जाएगी राजधानी
राजधानी में सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस पड़ोसी राज्यों की पुलिस से भी सहयोग ले रही है। सुरक्षा को अभेद बनाने के लिए एडवांस टेक्नोलाजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। 25 जनवरी की रात 10 बजे से दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। बाहरी वाहनों में उन्हीं को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत होगी, जिन्हें बहुत आवश्यक होगा। भारी वाहनों को प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। परेड के लिए फुलप्रूफ सिक्योरिटी अरेंजमेंट किए गए हैं।
Read Also: Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज, लोकसभा चुनाव के बाद होगी गिरफ्तारी
किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह से तैयार है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था मधुप कुमार तिवारी, विशेष आयुक्त सिक्योरिटी दीपेंद्र पाठक, विशेष आयुक्त यातायात एचजीएस धालीवाल और के. जगदीशन ने दी है।
28 जोन में बांटी गई नई दिल्ली
विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था मधुप कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि 26 जनवरी को लेकर नई दिल्ली को 28 जोन में बांटा गया है। हर जोन की कमान एक-एक डीसीपी को सौंपी गई है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 8 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री आवास से लेकर लाल किला तक के रुटों पर आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। जिससे कोई सुरक्षा घेरे को भेद न सकें।
Read Also: National Voters Day: पीएम मोदी का युवा मतदाताओं से संवाद, देश के विकास के लिए दें अपना वोट