Ayodhya Ram Mandir Security: रामनगरी अयोध्या में 22 जनवरी सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह होने जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान को लेकर रामनगरी में सुरक्षा का कड़ा प्रबंध किया गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया है। आज से रामनगरी में बाहरी लोगों की एंट्री 22 जनवरी तक बंद कर दी गई है और स्थानीय निवासियों से बाहर न निकलने की अपील की गई है अगर कोई बाहर आएगा तो उसे अपना आई कार्ड दिखाना होगा।
अयोध्या धाम के निवासियों को प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 21 और 22 जनवरी को बाहर नहीं निकलने की अपील की है। समारोह की सुरक्षा को लेकर यूपी एटीएस (UP ATS) अलर्ट पर है और 4 बुलेटप्रूफ बख्तरबंद गाड़ियां भी तैनात कर दी गई हैं। इन गाड़ियों में तकरीबन 100 कमांडो तैनात हैं जो किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
बता दें कि, अवध में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले शहर जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलजों में बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। एम्स विशेषज्ञों ने अयोध्या में स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में डॉक्टरों को आपातकालीन प्रतिक्रिया पर केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान किया है। अधिकारियों द्वार बताया कि ये बिस्तर उन अतिथियों के लिए आरक्षित हैं जो 22 जनवरी को नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा को देखते हुए महाराष्ट्र, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और पुडुचेरी ने 22 जनवरी को पूरे दिन की सरकारी छुट्टी घोषित की है। जबकि गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा और हरियाणा में सोमवार को कार्यालय एवं संस्थान आधे दिन के बंद रहेंगे। इसके अलावा योगी सरकार ने इस दिन शराब और मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी संस्थानों में दीप प्रज्जवलित करने का आदेश दिया है।