Ayodhya Ram Mandir: भगवान राम की नगरी अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह होने जा रहा है। रामलला की जिस मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी वह मूर्ति सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें रामलला की आंखें खुली हुई है। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने सख्त टिप्पणी की है।
आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि मूर्ति स्थापित हो गई है और उसे अभी खोला नहीं गया है। उन्होंने कहा कि रामलला की मूर्ति को कपड़े से ढक दिया गया है। जो रामलला की मूर्ति सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है उसमें रामलला की आंखें खुली है इसको लेकर उन्होंने कहा कि बिना प्राण प्रतिष्ठा के आंखों को खोला नहीं जा सकता है।
वायरल मूर्ति की होगी जांच- सत्येन्द्र दास
जिस मूर्ति का चयन हो जाता है उसकी आंखों को ढक दिया जाता है। जो तस्वीर दिखाई दे रही है वो मूर्ति है नहीं। प्राण प्रतिष्ठा के बिना मूर्ति से कपड़ा हटाया नहीं जाता। आगे सत्येन्द्र दास ने कहा कि अगर ऐसी मूर्ति मिल रही है तो उसकी जांच कराई जाएगी। बिना प्राण प्रतिष्ठा के मूर्ति से कपड़ा किसने और क्यों हटाया।
मुख्य पुजारी ने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए सभी जरूरी कार्य किए जा रहे हैं। लेकिन नेत्र नहीं खोले जाएंगे फिलहाल प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सभी कर्मकांड किए जा रहे हैं। रामनगरी में 22 जनवरी होने वाले समारोह के लिए तेजी से तैयारियां की जा रही है। रामभक्तों में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा है। देशभर इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।