Ram Mandir KN Rajanna: देश टकटकी लगाए रामनगरी में 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। रामभक्त उत्साह के साथ जोरो शोरों से तैयारियां कर रहे हैं। विपक्षी नेता लगातार राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दे रहे हैं। अब कर्नाटक के मंत्री केएन राजन्न ने राम मंदिर को लेकर विवादित बयान दिया है। मंत्री ने भगवान राम को गुड़िया कह दिया।
केएन राजन्न का कहना है कि राम मंदिर का इतिहास हजारों साल पुराना हैं। बीजेपी लोकसभा चुनाव को लेकर राम मंदिर का फायदा उठाने वाली है। बीजेपी जनता को धोखा दे रही है। जब बाबरी मस्जिद को ध्वस्त किया गया था तो मैं अयोध्या गया था। उन्होंने एक तंबू में दो गुड़िया रखीं और उन्हें राम कहा। जब हम राम मंदिर जाते हैं, तो हमें एक निश्चित वाइब्रेशन महसूस होता है। अयोध्या में मुझे कुछ भी महसूस नहीं हुआ।
कांग्रेस ने अस्वीकार किया था निमंत्रण
बता दें कि, राम मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अधिकतर विपक्षी दल निमंत्रण को ठुकरा चुके हैं। बीते दिनों राम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और कांग्रेस संसदीय दल के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का निमंत्रण मिला था।
लेकिन मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और अधीर रंजन चौधरी ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि बीजेपी और आरएसएस के इस निमंत्रण को ससम्मान अस्वीकार करते हैं। यह कोई धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि राजनीतिक आयोजन है। बीजेपी चुनावों को लेकर अधूरे राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करवा रही है।
चप्पे-चप्पे पर नजर
दूसरी ओर, राम नगरी अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए तेजी से मंदिर का काम हो रहा हैं। इस दिन पीएम मोदी समेत देशभर के तमाम बड़े राजनीतिक, फिल्मी और उद्योग जगत से बड़े चेहरे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेने अयोध्या आने वाले हैं। इसको लेकर राम नगरी में सुरक्षा का कड़ा प्रबंध किया गया है। 10 हजार से ज्यादा जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात है। इसके अलावा जवानों के पास आधुनिक हथियार मौजूद है। ड्रोन से राम नगरी की सुरक्षा पर नजर बना रखी है।