Arvind Kejriwal Announcement: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने शहीद जवानों के परिवारों को लेकर बड़ा सराहनीय कदम उठाया है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद जवानों के परिवारों को अब सम्मान राशि दी जाएगी। दिल्ली के 6 शहीद जवानों के परिवारों को सम्मान राशि के रूप में एक-एक करोड़ दिए जाएंगे।
6 परिवारों को मिलेगी राशि
आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार दिल्ली पुलिस में तैनात एएसआई ओम प्रकाश, एएसआई राधेश्याम, भारतीय सेना में तैनात मेजर रघुनाथ, कैप्टन जयंत जोशी, दिल्ली सिविल डिफेंस कर्मी पुनीत गुप्ता और फायर ऑपरेटर प्रवीर कुमार के परिवार को यह सम्मान राशि दी जाएगी। इस संबंध में राजस्व विभाग से आए प्रस्ताव को सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी मंजूरी दे दी है।
शहीदों को सम्मान देने की इस योजना के तहत दिल्ली सरकार दिल्ली निवासी या दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात उन सभी वर्दीधारियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देती है जो ड्यूटी के दौरान बहादुरी दिखाते हुए शहीद हुए हैं। इन परिवारों को दी जाएगी सम्मान राशि।
एएसआई ओम प्रकाश, दिल्ली पुलिस
एएसआई ओम प्रकाश ओखला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में तैनात थे। घटना के दिन वो सी-लाल चौक पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात थे। जब वो अपने सहयोगी के साथ चौंक पर वाहनों की जांच कर रहे थे, तभी लगभग 11:45 बजे उन्हें एक बाइक पर उनकी तरफ आते तीन लोग दिखे। जब उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर रहे बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो बाइक सवारों सवारों ने उन्हें टक्कर मार दी। बाद में वह इलाज के दौरान शहीद हो गए।
मेजर रघुनाथ, भारतीय सेना
द्वारका निवासी मेजर रघुनाथ भारतीय सेना की तीसरी बटालियन, पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) में थे। संभावित घुसपैठ के बारे में एजेंसियों की खुफिया जानकारी के आधार पर 5 मई 2022 को सुखदार, जम्मू-कश्मीर में उनके द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान मेजर रघुनाथ, लाइन ऑफ़ कंट्रोल के पास जोखिम भरे इलाके से ऑपरेशन के दौरान फिसलकर सलामाबाद नाले में गिर गए और उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। इसके बाद अस्पताल ले जाते समय मेजर रास्ते में ही शहीद हो गए।
पुनीत गुप्ता, दिल्ली सिविल डिफ़ेंस
पांडव नगर निवासी पुनीत गुप्ता परिवहन विभाग में तैनात थे और घटना के दिन फील्ड ड्यूटी पर तैनात थे। वाहनों की जांच के दौरान रात 12:40 बजे ढांसा की ओर से आ रहा एक ट्रक ने पुनीत गुप्ता को टक्कर मार दी थी। घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहोशी की हालत में नजदीकी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
प्रवीण कुमार, फायर ऑपरेटर
प्रवीण कुमार भोरगढ़ फायर स्टेशन में तैनात थे। सीआईएसएफ कैंप के पास एच-ब्लॉक में एक डिस्पोजेबल प्लेट बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई। आज बुझाने के अभियान के दौरान इमारत का पिछला हिस्सा ढह गया, जिससे प्रवीण कुमार सहित कई अग्निशमन कर्मी झुलस गए। जलने के बाद सेप्टिसेमिक शॉक के कारण इलाज के दौरान प्रवीण कुमार शहीद हो गए।
ASI राधेश्याम, दिल्ली पुलिस
एएसआई राधेश्याम को बुराड़ी सर्कल में दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक पुलिस यूनिट में नियुक्त किया गया था। ड्यूटी के दौरान एएसआई राधेश्याम ने एक ट्रक को वजीराबाद मुकरबा चौक की ओर आते देखा। ट्रक का ड्राइवर ग़लत लेन में ट्रक चला रहा था। एएसआई राधेश्याम ने ट्रक को रुकने का इशारा किया, लेकिन जैसे ही उस ट्रक ने ब्रेक लगाया, वह सड़क पर आ रही दूसरी एक गाड़ी ने उन्हें टक्कर मारी और एएसआई राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान वह शहीद हो गए थे।
कैप्टन जयंत जोशी, भारतीय सेना
द्वारका निवासी कैप्टन जयंत जोशी भारतीय सेना की 254 आर्मी एवन स्क्वाड्रन (एएलएच) में तैनात थे। 03 अगस्त 2021 को कैप्टन जयंत जोशी को एक अभ्यास अभियान के लिए हेलीकॉप्टर के को-पायलट के रूप में नियुक्त किया गया। अभ्यास के दौरान उनका हेलीकॉप्टर लैंडिंग दुर्घटनाग्रस्त होकर पठानकोट के रंजीत सागर बांध में गिर गया और उस दुर्घटना में कैप्टन जयंत जोशी शहीद हो गए।