Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में रामलला के गर्भगृह में स्थापित होने का समय नजदीक आता जा रहा है। 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों जोरों पर हैं। मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों का जायजा लिया। इसके अलावा आज एक बहुप्रतिक्षित पल भी सामने आया है। मंदिर के भूतल में स्वर्ण मंडित कपाट लगाने का क्रम प्रारंभ हो गया।
शाम तक दो कपाट लगाए जा सके हैं। हालांकि अभी गर्भगृह के मुख्य द्वार पर स्वर्ण जड़ित कपाट नहीं लगाया जा सका। गर्भगृह के बांयी ओर और परकोटे के बगल में कुल मिलाकर दो कपाट लगाए गए। एक सप्ताह के भीतर भूतल के सभी 14 स्वर्ण जड़ित कपाट लगा दिए जाएंगे। 15 जनवरी तक हर हाल में भूतल की तैयारी को अंतिम स्पर्श दिया जाना है।
एक सप्ताह में लगा दिए जाएंगे कपाट
राम मंदिर के तीनों तल को मिलाकर कुल 44 कपाट लगाए जाने हैं। इसमें भूतल पर 18 कपाट हैं, लेकिन 14 कपाट स्वर्ण मंडित होंगे। महाराष्ट्र की सागौन की लकड़ी से ये कपाट तैयार किए गए। बाद में इन पर चढाने के लिए सोने की पत्तल तैयार की गई। कारीगरों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर कपाट लगा दिया जाएगा।
22 जनवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय महोत्सव
आज अयोध्या पहुंचे सीएम योगी ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर तैयारियां का जायजा लिया। सीएम ने 22 जनवरी को प्रदेश में राष्ट्रीय महोत्सव मनाने का ऐलान किया है। इस दिन प्रदेश में स्कूल, कॉलेज समेत सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दिन शराब की बिक्री भी नहीं होगी। सीएम ने मंगलवार को यह आदेश जारी किए हैं।
read also: Haryana: बिजली मंत्री रणजीत चौटाला का बड़ा बयान, प्रदेश में इन दो शिफ्टों में मिलेगी बिजली
आगे सीएम ने कहा कि रामनगरी आने वाले आगंतुकों का अविस्मरणीय अतिथि सत्कार किया जाएगा। इसके अलावा सभी सरकारी भवनों की साज-सज्जा कराई जाएगी और जमकर आतिशबाजी होगी। अयोध्या में स्वच्छ्ता का ‘कुंभ मॉडल लागू किया जाएगा।
बता दें कि, प्रदेश के मुखिया योगी 14 जनवरी को अयोध्या में स्वच्छ्ता अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साफ सफाई के साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हम राम नगरी को सबसे अलग बनाना चाहते हैं।