Bhiwani Mahendragarh Chunav: भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा सीट को लेकर एक बार फिर से बड़ा बयान सामने आया है। बाढ़डा से जेजेपी विधायक और प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की माता नैना ने यह बयान दिया है। विधायक चौटाला का कहना है कि अगर कोई कानूनी प्रक्रिया सामने नहीं आई तो इस सीट से अजय सिंह चौटाला ही चुनाव लड़ेंगे।
दरअसल, शनिवार को नैना चौटाला दादरी पार्टी कार्यालय में बूथ सखी और बूथ योद्धा सम्मेलन को संबोधित करने पहुंची थी। यहां नैना ने स्पष्ट कर दिया कि भिवानी-महेन्द्रगढ़ सीट से अजय चौटाला चुनाव लड़ेंगे। जेजेपी आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं। अपनी रणनीति को धार देने के लिए लगातार मैदान में आकर काम कर रही है।
कई दिग्गज ठोक रहे दावेदारी
शुक्रवार को भिवानी पहुंचे जेजेपी संरक्षक अजय चौटाला ने कहा था कि इस सीट से मैं या दिग्विजय चौटाला चुनाव लड़ेंगे। जिसके बाद हरियाणा के सियासी गलियारों में खलबली मच गई। इस सीट से बीजेपी के मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह हैं। बीजेपी की दंगल गर्ल बबीता फोगाट इस सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुकी है। कांग्रेस की कद्दावर नेता किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी इस सीट से दावेदारी ठोक रही है।
महिला कार्यकर्ता बनवाएंगी सरकार- नैना चौटाला
आज जेजेपी विधायक नैना चौटाला ने दो टूक कहा कि अजय चौटाला इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि अभी किसी बात का दावा नहीं किया जा सकता है क्योंकि चुनाव के समय बीजेपी-जेजेपी सीटों का बंटवारा होना है। आज दादरी में विधायक नैना ने पार्टी कार्यालय में आगे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ सखी कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष भागीदारी है, बूथ योद्धाओं पर भी पार्टी कार्यकर्ता मेहनत से कार्य कर रहे हैं।
आने वाले चुनावों में बूथ सखी और बूथ योद्धा पार्टी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के मध्यनजर फील्ड में पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करने की बात कही। इसके अलावा बाढ़डा विधायक ने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के 6 हजार बुढ़ापा पेंशन वाले बयान को लेकर कहा कि दस साल के शासन में हुड्डा ने एक पैसा पेंशन का नहीं दिया। जेजेपी ने बीजेपी के साथ मिलकर बुढ़ापा पेंशन को बढ़वाया है।