पटियाला में CM नायब सैनी का बड़ा संदेश, बोले- पंजाब बढ़ेगा तो हरियाणा को भी मिलेगा फायदा

Nayab Singh Saini, CM

पटियाला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पटियाला में आयोजित ‘विनिर्माण के माध्यम से भारत को सशक्त बनाना’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने दौलतपुर में नए औद्योगिक प्लांट की आधारशिला रखे जाने को युवाओं के लिए नए अवसरों की शुरुआत बताया। उन्होंने पंजाब की इस पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि पंजाब और हरियाणा की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।

200 करोड़ के निवेश से 465 रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि दौलतपुर में प्रस्तावित परियोजना में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे 465 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक प्लांट की आधारशिला के साथ युवाओं के सपनों को नई बुनियाद मिल रही है।

सीएम नायब सैनी ने जीएसए ग्रुप की विनिर्माण क्षेत्र में 31 वर्षों की यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टील पिस्टन निर्माण की परियोजना समूह की आगे बढ़ने की इच्छा शक्ति को दर्शाती है। जीएसए ग्रुप का एग्री जोन ब्रांड किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र और उपकरण उपलब्ध करा रहा है। समूह अमेरिका, जर्मनी, पोलैंड, मेक्सिको, ब्राजील और जापान जैसे देशों में अपने उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है।

पंजाब-हरियाणा के विकास को बताया एक-दूसरे से जुड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का उद्यम आगे बढ़ता है तो उसकी संभावनाएं हरियाणा तक पहुंचती हैं। इसी तरह हरियाणा का उद्योग बढ़ता है तो पंजाब के कारोबारियों और युवाओं के लिए भी अवसर बनते हैं। उन्होंने उद्योगों से अपने कारखानों के साथ आसपास के युवाओं की कौशल क्षमताओं में निवेश करने की अपील की। बड़े उद्योग स्थानीय छोटे उद्योगों को अपनी आपूर्ति व्यवस्था से जोड़ें और महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसर दें।

हरियाणा में निवेश बढ़ाने का लक्ष्य

सीएम नायब सैनी ने बताया कि हरियाणा में फरवरी 2017 में सिंगल रूफ क्लीयरेंस सिस्टम लागू किया गया और 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियम समाप्त किए गए। हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति 2022 लागू करने के बाद राज्य में लगभग 12 हजार मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और हरियाणा स्टार्टअप की संख्या के मामले में देश में चौथे बड़े राज्य के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का लक्ष्य वर्ष 2030-31 तक 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करना और 10 लाख से अधिक रोजगार पैदा करना है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के प्रचार के लिए देश के 7 प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा के साझा प्रयास पूरे क्षेत्र को उत्पादन, नवाचार और रोजगार का सशक्त केंद्र बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *