PM Modi Visit on Ayodhya: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अयोध्या दौरे पर रहे। इस दौरान पीएम ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके अलावा 15,700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हम पुरातन और नूतन को साथ लेकर चल रहे हैं। हमारी सभ्यता ने हमें रास्ता दिखाया है।
पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था कभी रामलला टेंट में थे और अब रामलला को पक्का घर मिला है। इसके अलावा देश के चार करोड़ गरीब लोगों को भी पक्का घर मिला है। अब देश में केवल केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। घर-घर में पानी पहुंचाने के लिए दो लाख से ज्यादा टंकियां लगाई गई।
महर्षि वाल्मीकि होगा एयरपोर्ट का नाम
अयोध्या एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखा जाएगा। यह एयरपोर्ट हर यात्री को धन्य करेगा और हमारी संस्कृति और सभ्यता बनी रहेगी। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण वो ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है।
इस अमृतकाल में और आधुनिक भारत में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन अयोध्या धाम, हमें दिव्य-भव्य-नव्य राम मंदिर से जोड़ेगा। आज पूरे विश्व की नजर हमारे अवध धाम पर टिकी हुई है। पीएम ने श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि, आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है।
गौरव के साथ अयोध्या को स्थापित करेंगे- पीएम
ऐसे में आयोध्यावासियों में अति-उत्साह स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं। मैं भी आपकी तरह ही उत्सुक हूं और हम सभी का यह उत्साह और उमंग अयोध्या की सड़कों पर पूरी तरह नजर आ रहा है। ऐसा लग रहा है कि पूरी अयोध्या नगरी ही सड़क पर उतर आई है।
इस दौरान पीएम मोदी ने जनता से ‘सियावर राम चंद्र की जय’ का जयकारा तीन बार लगवाया। उन्होंने कहा कि हम एक बार फिर से अयोध्या नगरी को देश के नक्शे पर गौरव के साथ स्थापित करेंगे। अगर किसी भी देश को ऊंचाई पर पहुंचना है तो उसे अपनी विरासत को संभाल रखना होता है।
500 सालों का इंतजार होगा खत्म- सीएम योगी
इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। 500 सालों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रभु के आगमन के पहले प्रधानमंत्री का संकल्प था कि अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करेंगे, आज जिस भव्यता के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत अयोध्या वासियों ने किया है, ये एक नए भारत की नई अयोध्या के दर्शन हम सभी को कराता है।