Election Commission: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि मिजोरम, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मध्यप्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। पांच राज्यों में 679 सीटों पर मतदान किया जाएगा।
3 दिसंबर को होगी मतगणना
चुनाव आयोग ने जानकारी देते हुए कहा कि मिजोरम में चुनाव 7 नवंबर, छत्तीसगढ़ में दो चरणों 7 और 17 नवंबर, मध्यप्रदेश में 17 नवंबर, तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान किया जाएगा। राजस्थान में चुनाव के लिए मतदान 23 नवंबर को किया जाएगा। पांचों राज्यों में चुनावी परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने आगे बताया कि इस समय मिजोरम में 8.52 लाख, छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़, मध्य प्रदेश में 5.6 करोड़, राजस्थान में 5.2 करोड़ और तेलंगाना में 3.17 करोड़ मतदाता हैं। इन सभी को मिलाया जाए तो कुल 8.2 करोड़ पुरूष और 7.8 करोड़ महिला मतदाता हैं।
2024 में होगा बड़ा बदलाव- सुरजेवाला
चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, इन सभी 5 राज्यों की जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगी और साबित कर देगी कि 2024 में देश में बहुत बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में 8.5 करोड़ लोग बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार है। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान थक चुके हैं और रिटायर हो चुके हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कहना है कि बीजेपी पाचों राज्यों में सरकार बनाएगी। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
चुनाव आयोग की बड़ी बातें…
31 अक्टूबर तक पार्टियों को मिले चंदे की जानकारी देनी होगी।
रिपोर्ट के बाद ही टैक्स में छूट मिलेगी।
उम्मीदवारों को चुनाव के बाद हुए खर्च की भी जानकारी देनी होगी।
चुनावी राज्यों में 940 चेक पोस्ट बनाए गए।
इन चेक पोस्ट से निगरानी रखी जाएगी।
ये चेक पोस्ट राज्यों की सीमा पर बनाए जाएंगे।
ड्रग्स, शराब की तस्करी और पैसों की आवाजाही पर रखी जाएगी नजर।