प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी की यात्रा पर निकले युवाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को सेवा को जीवन का आधार बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाशक्ति की भूमिका को मजबूती से आगे बढ़ाना होगा।
सेवा का संदेश आचरण से देने की बात
PM मोदी ने युवाओं से कहा कि सेवा ही उनका मुख्य कार्य होना चाहिए। सेवा के लिए उपदेश देने के बजाय अपने काम और व्यवहार से उसका संदेश लोगों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में सत्ता कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाए, रास्ता हमेशा सेवा का ही रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल हो, ‘सेवा परमो धर्म:’ की भावना नहीं बदलनी चाहिए। उनके मुताबिक सेवा का भाव केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।
वडनगर और वाराणसी से जुड़ा अपना रिश्ता बताया
युवाओं से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने वडनगर और वाराणसी के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों शहर हजारों वर्षों से जीवंत हैं। वडनगर को उन्होंने अपनी जन्मभूमि और वाराणसी को कर्मभूमि बताया। उन्होंने कहा कि काशी बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद की भूमि है, जबकि वडनगर हाटकेश्वर महादेव के आशीष से जुड़ा है। प्रधानमंत्री ने वडनगर से वाराणसी की ओर बढ़ रहे युवाओं के सेवा अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे बातचीत के दौरान उन्हें ऐसा अनुभव हुआ, जैसे वह भी उनके साथ यात्रा कर रहे हों।
सेवा से जुड़ी योजनाओं का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि सेवाभाव से काम करने पर जरूरतमंदों तक मुफ्त अनाज पहुंचता है और इसी भावना से आयुष्मान योजना जैसी पहल सामने आती है। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी के रास्ते में युवाओं ने सेवा के कार्यों को आगे बढ़ते हुए देखा होगा।
युवाओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि राजनीति, चुनाव और शासन व्यवस्था अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्र निर्माण सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी विकसित भारत की निर्माता भी है और आने वाले समय में इसकी बड़ी लाभार्थी भी होगी।
उन्होंने युवाओं से देश को करीब से जानने, अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों के लोगों से मिलने, उनके सपनों और आकांक्षाओं को समझने की जरूरत बताई। पीएम मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं के जीवन में इस अनुभव को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी।