कंगना रनौत की Y+ सुरक्षा पर सुब्रमण्यम स्वामी ने उठाए सवाल, तो कंगना ने खुदको बताया खास, कही ये बात

नई दिल्लीःअपने बेबाक बोल और अंदाज के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत इस बार अपनी Y+ सुरक्षा को लेकर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार उन्होंने ट्विटर पर एक खास राजनेता से पंगा लिया है। राज्यसभा के पूर्व सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कंगना रनौत की Y+ सुरक्षा पर सवाल उठाया है। हालांकि, स्वामी ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कंगना ने ट्विटर पर उनका पोस्ट शेयर करते हुए जवाब दिया है।

कंगना ने कहा, वह सिर्फ एक बॉलीवुड स्टार नहीं हैं

कंगना रनौत ने अपने ट्वीट में खुद को खास बताते हुए लिखा है कि वो एक अभिनेत्री से कहीं ज्यादा हैं। महाराष्ट्र में वो राजनीतिक द्वेष का शिकार बनी और उनकी कुर्बानी पर राष्ट्रवादी वहां सरकार भी बना सकते हैं। कंगना का कहना है कि उनकी अतिरिक्त सुरक्षा सही है, इस पर किसी को सवाल नहीं उठाना चाहिए, क्योंकि वह सिर्फ एक बॉलीवुड स्टार नहीं हैं। उनके जीवन को खतरा है।

कंगना ने कहा, उनकी जान को स्पष्ट खतरा

सुब्रमण्यम स्वामी को जवाब देते हुए कंगना ने लिखा है, मैं सिर्फ एक बॉलीवुड स्टार नहीं हूं सर। मैं एक बहुत मुखर नागरिक भी हूं। मैं महाराष्ट्र में राजनीतिक द्वेष का निशाना बनी, मेरे खर्च पर राष्ट्रवादी लोग यहां सरकार बना सकते हैं। मैंने टुकड़े-टुकड़े गैंग के बारे में भी बात की है और खालिस्तानी समूहों की भी कड़ी निंदा की। मैं एक फिल्ममेकर, राइटर और प्रोड्यूसर भी हूं और मेरी अगली प्रोडक्शन फिल्म इमरजेंसी में ऑपरेशन ब्लू स्टार शामिल है। मेरी जान को साफतौर पर खतरा है। इसलिए मैंने अपनी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया था। क्या इसमें कुछ गलत है सर?

इसी साल ट्विटर पर बहाल हुआ है कंगना का अकाउंट

साल 2020 में कंगना और शिवसेना सांसद संजय राउत के बीच विवाद हो गया था और कंगना द्वारा मुंबई पुलिस पर अपराध और ड्रग माफिया को बढ़ावा देने का आरोप लगाने के बाद संजय राउत ने कंगना को मुंबई न आने की धमकी दी थी। संजय राउत की खुली धमकी के बाद कंगना ने कहा कि मुंबई पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर जैसा लगने लगा है। इसके बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के बारे में विवादास्पद पोस्ट किया था, जिसके बाद मई 2021 में उनके ट्विटर अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। जनवरी 2023 में उनका ट्विटर अकाउंट बहाल कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *