Haryana Digvijay Chautala:हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के छोटे भाई और जेजेपी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने बड़ा ऐलान किया है। दिग्विजय चौटाला का कहना है कि 6 अगस्त को प्रदेश में छात्र हुंकार रैली का आयोजन किया जाएगा। सरकार को इनसो की मांग पर चुनावों की तारीख का ऐलान करना होगा।
सोमवार को सिरसा पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मैं यहां पर इनसो कार्यकर्ताओं को निमंत्रण देने आया हूं। सरकार ने छात्र संघ चुनाव के लिए तारीख को नहीं बताया है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मैं फेक्ट्स पर जाना चाहूंगा क्योंकि साल 2018 में जब हम आंदोलित थे और हम भूख हड़ताल पर बैठे थे, यही मनोहर सरकार थी और हम सहयोगी के तौर पर नहीं थे।
सरकार ने परिणाम स्वरूप दो लेटर जारी किए एक मेरे नाम से जारी किया था जिसमें सरकार ने लिखा था कि हमने आपकी सारी मांगे मान ली है। इसके तुरंत बाद सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया था कि जिसमें कहा गया था कि प्रत्येक साल हम छात्र संघ चुनाव कराएंगे।
अगले साल अप्रत्यक्ष तौर पर चुनाव कराए गए। जेजेपी नेता ने कहा कि हमें विश्वास है कि जल्द छात्र संघ के चुनाव होंगे। अगर छात्र संघ के चुनाव नहीं हुए तो 6 अगस्त को इनसो की ओर से छात्र महारैली की जाएगी। वहीं, इनसो स्थापना दिवस को लेकर दिग्विजय ने कहा कि इस बार इनसो अपना 21वां स्थापना दिवस हिसार में मनाने जा रही हैँ।
उन्होंने कहा कि जब भी स्थापना दिवस होता है छात्र-छात्राओं के मुद्दे की आवाज को बुलंद किया जाता है और सामाजिक मुद्दे पर काम होता है। इस बार होने वाला 21वां स्थापना दिवस इस 21वीं सदी के छात्र छात्राओं को एकजुट करेगा। छात्र ही देश का भविष्य है।