Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में इस समय लोग लू के थपेड़ों और चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं। एक महीने से जारी हीटवेव का कहर उत्तर भारत झेल रहा है। फिलहाल, उत्तर भारत में हीटवेव से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 16 जून तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और झारखंड में हीटवेव जारी रहने की आशंका जताई है।
राजधानी दिल्ली में 18 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई। हालांकि, देश के राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। उत्तर भारत समेत अन्य राज्यों में मानसून ने अब तक दस्तक नहीं दी है। केरल समेत पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून ने 30 मई को दस्तक दे दी थी। केरल के कोट्टायम जिले के कई हिस्सों में मानसून की पहली बारिश दर्ज की गई है।
बीते 10 सालों में यह चौथी बार है कि मानसून ने समय से पहले दस्तक दी है। 30 मई के बाद मानसून ने महाराष्ट्र में दस्तक दी और महाराष्ट्र के कई शहरों में रविवार को झमाझम बारिश हुई। महाराष्ट्र के बाद 11 जून को गुजरात में मानसून का आगमन हुआ। दक्षिण गुजरात में नवसारी और वलसाड में मानसून की पहली बारिश हुई।
आने वाले दिनों में राज्य के दक्षिणी हिस्सों में बारिश का अनुमान है। गुजरात में भी समय से पहले मानसून की एंट्री हुई। हालांकि, मानसून को पूरे राज्य तक पहुंचने में एक हफ्ते का समय लग सकता है। मध्य प्रदेश में अभी तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है। मध्य प्रदेश के लोगों को अभी मानसून का इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसून 20 जून तक एंट्री कर सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में मानसून 25 जून के बाद दस्तक देगा। फिलहाल, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में हीटवेव अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगी। अगले तीन दिनों तक महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और असम, सिक्किम समेत 12 राज्यों में झमाझम बारिश की आशंका है।
Read Also: http://Odisha में पहली बार मोहन चरण माझी सरकार, दो डिप्टी सीएम ने भी ग्रहण की शपथ, पीएम मोदी मौजूद