PM मोदी और जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत, रूस-यूक्रेन युद्ध के हालात पर हुई चर्चा

PM Modi and Zelenskyy hold a phone: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े हालिया घटनाक्रम और संघर्ष को खत्म करने के प्रयासों पर चर्चा हुई। साथ ही भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ युद्ध से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना पक्ष साझा किया। वहीं, पीएम मोदी ने भारत का रुख दोहराते हुए कहा कि इस संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत शांति की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है।

दोनों नेताओं ने आपसी हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भारत-यूक्रेन सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई गई।

कीव पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले, 9 लोग घायल

प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने बड़ा हमला किया है। शनिवार तड़के रातभर हुए हमलों में कम से कम नौ लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले में कई आवासीय मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि रूस ने रातभर कीव और आसपास के इलाकों में 36 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके साथ ही कीव समेत यूक्रेन के 12 अन्य क्षेत्रों में 172 ड्रोन से हमले किए गए। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर त्रिपक्षीय वार्ता की तैयारी कर रहा है।

ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान, नॉर्दर्न ब्रिज बंद

रूसी हमलों में कीव के कई स्थानों को निशाना बनाया गया। आवासीय इमारतों और व्यावसायिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। कीव के मेयर विताली क्लित्स्को के मुताबिक, कीव और झितोमिर क्षेत्रों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान हुआ है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई। हमलों के बाद अधिकारियों ने नीप्रो नदी के पूर्वी तट पर स्थित बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ने वाले 816 मीटर लंबे नॉर्दर्न ब्रिज को बंद कर दिया।

धमाकों से दहशत में लोग, बच्चों की नींद उड़ी

रूसी हमलों के दौरान कीव में रहने वाली 64 वर्षीय कातेरिना कोर्निचुक अपनी पोती के साथ घर पर थीं। उन्होंने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि पहले विस्फोट के झटके से वह और उनके परिजन दीवार से टकरा गए। उस समय वे गलियारे में थे। कातेरिना ने कहा कि लगातार हमलों के डर से न तो उन्हें नींद आ रही है और न ही शांति मिल रही है। बच्चे भी सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बच्चों की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर उनकी क्या गलती है।

अबू धाबी में मंगलवार को होगी चौथे दौर की वार्ता

इस बीच रूस, यूक्रेन और अमेरिका के वार्ताकार मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बैठक करेंगे। युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से होने वाली यह चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इस बातचीत में मध्यस्थता कर रहा है। यूक्रेन की तैयारी इस बैठक से पहले कीव पर हुए रूसी हमलों के बीच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *