नई दिल्लीःकनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो और उनकी पत्नी सोफी ने शादी के 18साल बाद एक-दूसरे से अलग होने की घोषणा की है। दोनों ने अपने रिश्ते और उनके सामने आ रहीं चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की। पिछले कुछ वर्षों में सार्वजनिक रूप से एक साथ कम ही देखा जा रहा था। 51वर्षीय ट्रूडो और 48वर्षीय उनकी पत्नी सोफी ग्रेगोइरे ट्रूडो की शादी मई 2005में हुई थी और उनके उनके तीन बच्चे हैं। 2020में अपनी सालगिरह के मौके पर कनाडाई पीएम ट्रूडो ने अपनी पत्नी को मेरी चट्टान, मेरी साथी और मेरी सबसे अच्छी दोस्त बताया था। लेकिन हाल ही में ट्रूडो ने इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट किया है वो काफी चौंकाने वाला है। कनाडाई पीएम ने लिखा है कि सोफी और मैं इस तथ्य को साझा करना चाहेंगे कि कई सार्थक बातचीत के बाद हमने एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया है। उनकी पत्नी ग्रेगोइरे ट्रूडो ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसा ही संदेश पोस्ट किया है।
ट्रूडो के लिए व्यक्तिगत रूप से बड़ा संकट है ये
2015में कनाडा के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद से जस्टिन ट्रूडो के लिए यह सबसे बड़े व्यक्तिगत संकटों में से एक है। यह तब हुआ जब उन्होंने चुनावों में अपनी लिबरल पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कैबिनेट फेरबदल की घोषणा की थी। लोकप्रियता में पिछड़ने के बावजूद ट्रूडो अक्टूबर 2025में होने वाले आगामी चुनाव में उदारवादियों का नेतृत्व करने के लिए दृढ़ थे। ट्रूडो के पिता पूर्व प्रधान मंत्री पियरे ट्रूडो भी 1977में अपनी पत्नी मार्गरेट से अलग हो गए थे।
ट्रूडो के कार्यालय ने कही ये बात
दर्दनाक ऐतिहासिक समानताएं याद दिलाने के लिए कई लोगों ने इंटरनेट का सहारा लिया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जस्टिन ट्रूडो अपनी पत्नी से अलग होने के बारे में इस सप्ताह सार्वजनिक रूप से बोल सकते हैं। ट्रूडो के कार्यालय ने कहा है कि दोनों ने एक कानूनी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि दंपती अपने बच्चों के पालन-पोषण पर ध्यान केंद्रित करेंगे। अगले हफ्ते परिवार एक साथ छुट्टियों पर जाएगा।