रबात: मोरक्को के मारकेश में आए भूकंप ने अब तक करीब 3000लोगों की जान ले ली है। वहीं मौतों की संख्या में अभी भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौके पर बचावकर्मी मौजूद हैं जो जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, भूकंप के बाद स्पेन, ब्रिटेन और कतर की टीमें भी मोरक्को में बचाव अभियान में शामिल हो गई हैं। बता दें कि मोरक्को के लिए पूरी दुनिया भर में दुआएं की जा रही हैं। प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
दरअसल, यह घटना मध्य मोरक्को में स्थित देश के चौथे सबसे बड़े शहर मारकेश में हुई है जहां शनिवार (9 सितंबर) रात अचानक आई तेज भूकंप ने तबाही मचा दी। बताया जा रहा है कि शनिवार को 6.8 तीव्रता का भूकंप आया था। फिर रविवार (10 सितंबर) को इसी क्षेत्र में एक बार फिर धरती डोली। दूसरी बार आई भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई। प्रकृति के इस कहर में अब तक लगभग तीन हजार लोगों की जान चली गई है। जबकि ढ़ाई हजारसे अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मारकेश में आई भूकंप ने शहर के कई घरो को मलबा बना दिया। जानकारी के मुताबिक, मारकेश से 60 किलोमीटर (37 मील) दूर तफेघाघते पर्वतीय गांव की लगभग हर इमारत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बता दें कि इस भयावह घटना में मरने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभी भी कई लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। मौके पर मौजूद सैन्य कर्मियों द्वारा जिंदा बचे लोगों और मृतकों के शवों की तलाशी की जा रही है।
बता दें कि मोरक्को में भूकंप से आई तबाही परशनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया था। ट्विटर के माध्यम से उन्होंने कहा कि, मोरक्को में भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान से बेहद दुखी हूं। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।