Ayodhya Ramlala Darshan: सोमवार को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। मंगलवार रात तीन बजे से रामभक्तों का सैलाब रामनगरी में उमड़ पड़ा है। रामलला के पहले दिन दर्शन करने के लिए देशभर से लोग आए हुए हैं। मंदिर का गेट खुलते ही रामभक्त दर्शनों के लिए उमड़ पड़े।
रामभक्तों के जनसैलाब को नियंत्रित करने में प्रशासन बेबस दिखा और बाद में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) लगाई गई। जिसके बाद दर्शनार्थियों को छोटे-छोटे ग्रुप बनाकर दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर प्राण प्रतिष्ठा का वीडियो शेयर किया और लिखा कि स्वर्णिम पल यह हमारी यादों में कई सालों तक अंकित रहेगा।
22 जनवरी को देश ने जो देखा यह अद्भुत और अलौकिक मनभावन नजारा था। सदियों से इस पल का इंतजार किया जा रहा था। आज सदियों के धैर्य की धरोहर भारत को मिली है। इस पल को आने वाली पीढ़ियां हजारों सालों तक याद रखेगी। इस भव्य मंदिर में हमारे रामलला विराजमान हो गए हैं।
वहीं, रामनगरी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने कहा कि जितनी भीड़ उमड़ी है। आज सभी रामभक्त रामलला के दर्शन नहीं कर पाएंगे। मंदिर विलक्षण दिखाई दे रहा है और अयोध्या नगरी में चारों ओर जय श्रीराम के नारे लग रहे हैं। त्रेतायुग की याद एक बार फिर से ताजा हो गई। त्रेतायुग में जब भगवान राम विराजमान हुए थे, वह पहल बहुत आनंदित करने वाला था। अब अयोध्या नगरी पूरी तरह राममय हो गई है।
रामनगरी में रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रामभक्त किसी भी तरह आज पहले दिन रामलला के दर्शन करना चाहते हैं। व्यवस्था न बिगड़े इसको लेकर प्रशासन ने रैपिड एक्शन फोर्स के साथ मोर्चा संभाल रखा है। रामभक्तों को छोटे-छोटे ग्रुप बनाकर मंदिर में भेजा रहा है। श्रद्धालुओं की जनसैलाब इतना है कि आज हर किसी का दर्शन कर पाना असंभव लग रहा है।