नई दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली की सड़कों के व्यापक पुनर्विकास के लिए 802.18 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी देने की घोषणा की। इस योजना के तहत 45 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 400 किलोमीटर लंबी 241 से ज्यादा प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त, समतल और टिकाऊ बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि परियोजना का उद्देश्य केवल अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि सड़कों का स्थायी और तकनीकी मानकों के अनुरूप पुनर्निर्माण करना है।
केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर करेंगी खर्च
परियोजना की कुल लागत 802.18 करोड़ रुपये है। इसमें से 643.36 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के केंद्रीय सड़क अवसंरचना कोष (CRIF) से प्राप्त होंगे, जबकि 158.82 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़कें किसी भी शहर के विकास की रीढ़ होती हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों का समय बचेगा।
पैचवर्क’ नहीं, ‘वॉल-टू-वॉल’ तकनीक से होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा अक्सर सड़कों पर केवल गड्ढों की मरम्मत या बीच के हिस्से में पैचवर्क किया जाता है, जिससे कुछ समय बाद सड़क दोबारा खराब हो जाती है। नई प्रणाली के तहत पूरी सड़क को एक समान रूप से ‘वॉल-टू-वॉल’ तैयार किया जाएगा। इस प्रक्रिया में बेस लेयर की जांच, आवश्यक सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था और अंतिम कारपेटिंग जैसे सभी चरण तकनीकी मानकों के अनुसार पूरे किए जाएंगे। इससे सड़क की मजबूती और आयु दोनों बढ़ेंगी।
प्रदूषण और जलभराव की समस्या होगी कम
उन्होंने कहा कि टूटी-फूटी सड़कों से वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल और बारीक कण हवा में उड़ते हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ता है। नई तकनीक से बनी समतल और सीलबंद सतह धूल को कम करेगी और वायु गुणवत्ता में सुधार लाएगी। साथ ही, बेहतर जल निकासी व्यवस्था से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या भी कम होने की उम्मीद है।
वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य
सरकार ने इस परियोजना को साल के अंत तक चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि यातायात पर न्यूनतम असर पड़े। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तकनीक से करीब 150 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया गया था और इस बार इसे और बड़े स्तर पर लागू किया जा रहा है।