Bihar Assembly Election 2025: (सीवान): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सीवान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सीवान की धरती दो दशक तक लालू-राबड़ी के ‘जंगलराज’ और बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन के आतंक को झेलती रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि अब यह सुनिश्चित करना होगा कि शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को रघुनाथपुर विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़े।
सीवान की पीड़ा अब होगी खत्म
शाह ने कहा कि सीवान की जनता ने लंबे समय तक डर और आतंक में जीते हुए चुनावों में अपने अधिकार को दबते देखा, लेकिन अब वक्त आ गया है कि जनता अपने निर्णय से बदलाव लाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव नहीं है, बल्कि सीवान और बिहार की जनता के लिए लोकतंत्र की जीत का चुनाव है।
महागठबंधन बिखरा राजग मजबूत
केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है और जनता ने मन बना लिया है कि राज्य में फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बने। गृह मंत्री शाह ने कहा कि लालू प्रसाद ने एक बार फिर शहाबुद्दीन के बेटे को चुनाव में उतारा है, लेकिन अब जनता तय करेगी कि ऐसे लोगों को मौका नहीं मिलेगा। शाह ने कहा बिहार असली दिवाली 14 नवंबर को तभी मनाएगा, जब लालू के बेटे को करारी हार मिलेगी। यह समय है कि जनता अपने भविष्य का फैसला करे और विकास और सुशासन की दिशा में मजबूत कदम उठाए।”
राष्ट्रीय सुरक्षा में मोदी सरकार की उपलब्धियां
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा के फैसलों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों को नष्ट करना मजबूत नेतृत्व का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि यह भारत की अंतरराष्ट्रीय स्थिति और राज्य के विकास के लिए भी अहम कदम है।
विपक्ष पर किया कड़ा प्रहार
शाह ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू के शासनकाल में केवल घोटाले हुए चारा घोटाला, जमीन के बदले नौकरी घोटाला, बीपीएससी भर्ती घोटाला और आय से अधिक संपत्ति का मामला। वहीं, राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि उनकी नीति घुसपैठियों को देश में रहने देना है, जो अपराधियों को ताकत देती है। अमित शाह ने कहा सीवान की जनता अब तय करेगी कि वह अपने राज्य में कानून, व्यवस्था और विकास चाहती है, या फिर पुराने घोटालों और अपराधियों को मौका देती रहेगी।”
राजग की उपलब्धियां और विकास का संदेश
केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य में राजग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए जनता से अपील की कि वे सुशासन और विकास के लिए राजग को वोट दें। उन्होंने कहा कि यही रास्ता है लालू-राबड़ी के ‘जंगलराज’ और अपराधियों के आतंक को हमेशा के लिए खत्म करने का। शाह ने जनता को विश्वास दिलाया कि राजग के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और यही दिशा भविष्य के लिए सबसे सही है।