PM मोदी ने देशवासियों को छठ पर्व पर दी शुभकामनाएं, कहा- ‘छठी मइया सबको दें भरपूर आशीर्वाद’

Chhath Puja 2025: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में आस्था, उपासना और प्रकृति प्रेम का अनूठा संगम है, जिसकी पवित्रता और नियम-निष्ठा अतुलनीय है।

सूर्य उपासना और सादगी का प्रतीक

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है। बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को मेरा नमन और वंदन। उन्होंने कहा कि छठ पूजा सूर्य देवता की उपासना का पर्व है और यह विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़े उत्साह से मनाया जाता है।

शारदा सिन्हा के गीत का उल्लेख

पीएम मोदी ने इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा का एक लोकप्रिय छठ गीत साझा किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वे बेगूसराय में थे, जो शारदा सिन्हा से आत्मीय रूप से जुड़ा हुआ स्थान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि शारदा सिन्हा और बिहार के कई लोक कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से छठ के उत्सव को और भक्ति से भर दिया है।

सामाजिक सद्भाव और पारिवारिक एकता का पर्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में पारिवारिक और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। छठ के घाटों पर जो दृश्य दिखाई देता है, उसमें पारिवारिक और सामाजिक एकता की अद्भुत प्रेरणा होती है।

विश्वभर में छठ की परंपरा

पीएम मोदी ने कहा कि छठ की प्राचीन परंपरा का भारतीय समाज पर गहरा प्रभाव रहा है और आज यह विश्वभर में बसे भारतीयों द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज छठ को संस्कृति के महाउत्सव के रूप में पूरी दुनिया में मनाया जाता है। अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के लिए मंगलकामना व्यक्त करते हुए कहा मेरी कामना है कि छठी मइया सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *