पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया और भाजपा ने खड़गे पर तीखा हमला बोला।
कार्यक्रम बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। खड़गे भाषण दे रहे थे, तभी भीड़ में से एक व्यक्ति ने कहा-“मोदी कहीं नहीं जाएंगे” या “मोदी नहीं जाएगा”।
इस पर खड़गे नाराज़ हो गए और मंच से जवाब देते हुए बोले-“मोदी का बाप भी जाएगा… बाप भी जाएगा।” यह वीडियो तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्यक्रम में हंगामा भी हुआ और कुछ रिपोर्टों के मुताबिक उस व्यक्ति को बाहर निकाल दिया गया।
बीजेपी की प्रतिक्रिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर खड़गे की कड़ी आलोचना की। उन्होंने लिखा-
“कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।”
शाह ने इसे कांग्रेस की लगातार चुनावी हार से पैदा हुई हताशा और “गाली-गलौज की राजनीति” करार दिया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य नेताओं ने भी खड़गे पर हमला बोला। पार्टी ने इस बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का भी ऐलान किया।
कांग्रेस की सफाई
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि सभा में पहले एक व्यक्ति (जिसे उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ता बताया) ने खड़गे के पिता का अपमान किया था। खेड़ा के अनुसार, खड़गे का “बाप” शब्द पीएम मोदी के वैचारिक पिता यानी आरएसएस/संघ के संदर्भ में था, न कि उनके दिवंगत पिता के।
खड़गे ने उसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी पर काला धन वापस लाने के पुराने वादे को लेकर भी निशाना साधा और उन्हें “झूठ बोलने की आदत” वाला बताया।