दीपावली और छठ पूजा के दौरान यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आनंद विहार और छपरा के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में काम करने वाले पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग त्योहारों पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं। नियमित ट्रेनों में टिकटों की मांग बढ़ने के बीच स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
6 अक्टूबर से 25 नवंबर तक होंगे फेरे
आनंद विहार से छपरा जाने वाली ट्रेन संख्या 05086 का संचालन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को होगा। यह ट्रेन आनंद विहार से सुबह 10:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:00 बजे छपरा पहुंचेगी। वहीं, छपरा से आनंद विहार लौटने वाली ट्रेन संख्या 05085 प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इसका संचालन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा।
छपरा से यह ट्रेन दोपहर 1:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन कुल 8-8 फेरे लगाएगी।
गोंडा, बस्ती और गोरखपुर समेत इन स्टेशनों पर ठहराव
आनंद विहार और छपरा के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, थावे, दिघवा दुबौली और मशरक रेलवे स्टेशन भी इसके ठहराव में शामिल हैं।
22 डिब्बों के साथ चलेगी ट्रेन
स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें फर्स्ट कम सेकेंड क्लास एसी का 1, सेकेंड क्लास एसी के 2, थर्ड क्लास एसी के 6, थर्ड इकोनॉमी क्लास एसी के 2, स्लीपर क्लास के 5 और जनरल क्लास के 4 डिब्बे होंगे।
त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में टिकटों की मांग अधिक रहने के बीच रेलवे की यह स्पेशल सेवा यात्रियों के लिए अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी। ट्रेन से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एनटीईएस की वेबसाइट से भी ट्रेन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।