फरीदाबाद में गणेश महोत्सव में पहुंचे CM नायब सिंह सैनी, गणपति बप्पा की पूजा कर लिया आशीर्वाद

फरीदाबाद: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल असीम कुमार घोष पहुंचे। दोनों ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणेश महोत्सव की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

सीएम सैनी ने गणपति बप्पा से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद आकर गणपति बप्पा की शरण में आने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के जीवन से सभी विघ्न दूर करने और हरियाणा में सुख-समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश केवल विघ्नहर्ता नहीं हैं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। भगवान गणेश के वाहन मूषक का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति अपने अहंकार और इच्छाओं पर नियंत्रण पा लेता है, उसके सामने कोई भी समस्या बड़ी नहीं रह सकती।

समाज को जोड़ने का अवसर है महोत्सव

सीएम सैनी ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी देते हैं। इससे लोगों के बीच एकता और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने गणपति बप्पा से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान सभी के जीवन के विघ्न दूर करें और हर चुनौती का सामना करने की शक्ति दें। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और हरियाणा की निरंतर प्रगति की कामना की।

राज्यपाल असीम कुमार घोष ने भी की पूजा

मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की ओर से हर वर्ष आयोजित किए जाने वाले गणेश उत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है और उन्हें भी इसमें शामिल होने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने भी गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के पहुंचने पर आयोजकों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। गणेश महोत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ समाज को एकजुट करने और सकारात्मक संदेश देने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *