दिल्ली के सरकारी स्कूलों को मिले 1368 नए शिक्षक, CM रेखा गुप्ता ने बांटे नियुक्ति पत्र

नई दिल्ली: दिल्ली के सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1,368 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने पर बधाई दी। उन्होंने शिक्षकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके परिश्रम, परिवार के विश्वास और सहयोग का गौरवपूर्ण परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए शिक्षकों के स्कूलों से जुड़ने से दिल्ली की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे दिल्ली के विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना नवनियुक्त शिक्षकों के लिए जीवन की एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देना और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सहयोग करना भी है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से पूरी जिम्मेदारी, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के सपनों को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करना और स्कूलों में ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के साथ पर्याप्त और योग्य शिक्षकों की उपलब्धता भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जरूरी है। 1,368 नए शिक्षकों के जुड़ने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

बच्चों के भविष्य में निभाएंगे अहम भूमिका

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षक दिल्ली के बच्चों के सपनों को दिशा देने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव का इस्तेमाल बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास के लिए करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्कूलों को आधुनिक बनाने, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *