चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी देशभर में हर घर तिरंगा अभियान वृहद स्तर पर शुरू हो रहा है। आइए, इस अभियान से जुड़कर फिर एक बार इतिहास बनाएं और अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान को पहले से अधिक व्यापक, प्रभावी और जनभागीदारी आधारित स्वरूप में आयोजित करेगी। यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलेगा। इसमें केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक व्यापक जन-आंदोलन बनेगा।
BPL को मिलेगा निःशुल्क तिरंगा
अभियान के तहत बीपीएल परिवारों को निःशुल्क तिरंगा वितरित किया जाएगा। साथ ही तिरंगा सेल काउंटर, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, बाइक-साइकिल रैलियां, प्रदर्शनियां, सरकारी भवनों पर तिरंगे की रोशनी, डिजिटल अभियान और सामुदायिक भागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसी गतिविधियां भी चलाई जाएंगी।
तिरंगा फहराना राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा फहराना केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश है। हरियाणा के नागरिकों से अपील है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाएं। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। यह अभियान प्रदेश में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा।