हरियाणा में गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व पर समरसता संकल्प अभियान शुरू

cm Nayab Singh Saini

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से शुरू है जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस महत्वपूर्ण घोषणा को साझा करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी के समानता, समरसता और सामाजिक न्याय के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी की पवित्र मिट्टी को कलशों में भरकर हरियाणा के गांव-गांव, बस्ती-बस्ती और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

होंगे ये कार्यक्रम

इस अभियान में समरसता दीप अभियान, कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा, छात्र संपर्क अभियान और विभिन्न सामाजिक समरसता कार्यक्रम शामिल होंगे। प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों के प्रतिनिधि पवित्र मिट्टी से भरे कलश लेकर अपने क्षेत्रों में शोभायात्रा निकालेंगे और इसे जनसामान्य तक पहुंचाएंगे।

सैनी ने कहा-सांस्कृतिक चेतना का महाअभियान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती मात्र एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का महाअभियान है। सरकार गुरु रविदास जी के सिद्धांतों पर चलते हुए अंत्योदय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अभियान से समाज के सभी वर्गों में भाईचारा, समानता और एकता की भावना और मजबूत होगी।

भाजपा हरियाणा इकाई भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां कर रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस ऐतिहासिक अभियान से जुड़ें और गुरु रविदास जी के संदेश को अपने जीवन में उतारें। यह अभियान हरियाणा में सामाजिक सद्भाव को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *