देश के 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, गुजरात-असम में बाढ़ से हालात गंभीर

Heavy rain alert in 14 states: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण गुजरात, असम, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं।

IMD के अनुसार छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून सक्रिय बना रहेगा।

जम्मू-कश्मीर और यूपी में बढ़ी मुश्किलें

जम्मू-कश्मीर में लगातार हुई बारिश के बाद डोडा जिले में नदियां उफान पर हैं, जिससे कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। बनिहाल के रामसू ब्लॉक के गंगरू क्षेत्र में हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) बंद हो गया। प्रशासन मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटा है।

उत्तर प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जबकि घाघरा और शारदा सहित चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाराबंकी, बहराइच, सीतापुर, पीलीभीत और बलिया के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। बलिया में नदी कटान के चलते एक मकान घाघरा नदी में समा गया।

गुजरात और असम में राहत-बचाव अभियान जारी

गुजरात में लगातार बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। अहमदाबाद में रिकॉर्ड बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गई हैं और अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ है। गैलॉप्स इंडस्ट्रियल पार्क में फंसे 900 से अधिक मजदूरों को निकालने के लिए NDRF, SDRF, कोस्ट गार्ड और सेना की मदद ली गई।

वहीं असम में बाढ़ का संकट अभी भी बरकरार है। राज्य के पांच जिलों-चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और शिवसागरके 763 गांवों में पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। बाढ़ और बारिश से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत एवं बचाव कार्य में सेना, NDRF, SDRF, फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत कर राज्य के हालात की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *