अंत्योदय मेले में बोले CM नायब सैनी, पात्र परिवारों तक खुद पहुंच रही सरकार

Nayab Singh Saini, CM

लाडवा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में आयोजित अंत्योदय मेले में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि अब सरकार लोगों के आवेदन का इंतजार नहीं कर रही, बल्कि स्वयं जरूरतमंदों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं से जोड़ रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इसके बाद उन्होंने गोविंदपुरा निवासी ताराचंद को पीएम स्ट्रीट वेंडर निधि योजना के तहत अलॉटमेंट लेटर सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

एक ही मंच पर 19 विभागों की सेवाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंत्योदय मेले में करीब तीन हजार पात्र लोगों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से डेढ़ हजार से अधिक लोग पहुंचे। मेले में 19 सरकारी विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां पात्र लोगों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।

युवाओं को स्वरोजगार अपनाने का आह्वान

सीएम नायब सिंह सैनी ने युवाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिसमें देशभर के नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों को सामने लाया जाता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री यमुनानगर में आयोजित नशा विरोधी कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने नशा विरोधी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *