15 अगस्त को लेकर सुरक्षा कड़ी, लाल किला पर पर्यटकों की एंट्री बंद

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला अब 15 अगस्त तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक लाल किला परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस दौरान केवल अधिकृत सरकारी पासधारकों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के चलते फैसला

ASI द्वारा 9 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, प्राचीन स्मारक एवं पुरातत्व स्थल और अवशेष नियम, 1959 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है। हर वर्ष 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हैं, जिसके चलते समारोह की तैयारियां कई सप्ताह पहले शुरू हो जाती हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाली कमान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियों ने लाल किला परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। इस दौरान पूरे परिसर का सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। साथ ही बैरिकेडिंग, मुख्य मंच का निर्माण, तकनीकी उपकरणों की स्थापना और अन्य व्यवस्थाओं का काम भी इसी अवधि में पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

सिर्फ पासधारकों को मिलेगी एंट्री

15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में केवल सरकारी पास रखने वाले लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। आम पर्यटकों और घरेलू व विदेशी सैलानियों के लिए लाल किला पूरी तरह बंद रहेगा।

2022 से 30 दिन तक बंद रखने की परंपरा

पिछले कुछ वर्षों से स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के लिए लाल किले को करीब एक महीने तक बंद रखा जा रहा है। वर्ष 2022 से यह अवधि 30 दिन की हो गई है। इससे पहले 2021 में लाल किला 21 जुलाई से 15 अगस्त तक 26 दिनों के लिए बंद रहा था, जबकि 2018 में इसे केवल 8 दिनों के लिए बंद किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *