शिमला में HRTC बस हादसा: 2 की मौत, कई घायल, 22 यात्री थे सवार

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस गरटोला के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के समय बस में करीब 22 लोग सवार थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

परिचालक समेत दो लोगों की मौत

प्रशासन के अनुसार, हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी (निवासी गांव घड़ोली, तहसील ननखड़ी) और 72 वर्षीय डाकू राम (निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कई यात्री उसके अंदर फंस गए थे।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का उपचार कर रही है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।

मृतकों के परिजनों को राहत राशि

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिवार को 20 हजार रुपये की तत्काल फौरी राहत राशि जारी कर दी है। दूसरे मृतक से संबंधित औपचारिक रिपोर्ट प्राप्त होते ही उनके परिजनों को भी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी रही। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हादसे से प्रभावित सभी परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *