‘मिशन कायाकल्प’ से बच्चों के लिए आधुनिक व सुरक्षित वातावरण: CM रेखा गुप्ता

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मिशन कायाकल्प’ अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में चल रहे व्यापक सुधार कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। गर्मी की छुट्टियों का समय बच्चों के लिए आराम का रहा, लेकिन सरकार स्कूलों को नया रूप देने में लगी रही। प्रत्येक जिले के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट को दो-दो स्कूलों का चयन कर उन्हें पूरी तरह अपग्रेड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इन स्कूलों में स्वच्छता, पेयजल, बुनियादी ढांचा और आधुनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “मिशन कायाकल्प दिल्ली के स्कूल शिक्षा में नई क्रांति की नींव रख रहा है। हम स्कूलों को मात्र पढ़ाई के केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक लर्निंग स्पेस बनाना चाहते हैं, जहां हर बच्चा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।” इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ एनजीओ, सीएसआर पार्टनर्स, बाजार संघ और स्थानीय समुदाय भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।

हुए कई बड़े सुधार

स्कूल भवनों की मरम्मत व पुनर्निर्माण, पेंटिंग-व्हाइटवाशिंग, वॉटरप्रूफिंग, छतों की ड्रेनेज व्यवस्था, टॉयलेटों का पूर्ण नवीनीकरण, आरओ प्लांट व वॉटर कूलर की स्थापना, साइंस लैबोरेटरी का आधुनिकीकरण, दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं और स्कूल कैंपस में हरियाली बढ़ाना शामिल है। उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर-पूर्व एवं आउटर नॉर्थ जिलों में कार्य तेजी से चल रहे हैं या पूरे हो चुके हैं।

दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं

उत्तर जिले में शंकराचार्य मार्ग स्थित स्कूल में दिव्यांग बच्चों के लिए सेंसरी पार्क का नवीनीकरण किया गया, आरओ प्लांट लगाए गए और फिजिक्स लैब को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया। दक्षिण दिल्ली के मेहरौली क्षेत्र के स्कूलों में भवन मरम्मत, टॉयलेट सुधार और बेहतर पेयजल व्यवस्था स्थापित की गई। साथ ही AI-इंटीग्रेटेड स्मार्ट टॉयलेट ब्लॉक, स्टेम इनोवेशन लैब और आधुनिक कंप्यूटर लैब भी विकसित किए जा रहे हैं।

POCSO जागरूकता माह

इस अभियान के साथ POCSO अवेयरनेस मंथ भी चल रहा है। सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को बच्चों की सुरक्षा चेकलिस्ट की समीक्षा करने और अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हर विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सके।

बच्चों का बढ़ेगा आत्म विश्वास

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जोर दिया कि सरकार, एनजीओ और सीएसआर के संयुक्त प्रयासों से हर बच्चे को आत्मविश्वास, जिज्ञासा और उत्कृष्टता से भरा शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। यह मिशन विकसित दिल्ली के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नए शैक्षणिक सत्र से पहले सरकारी स्कूलों का यह कायाकल्प दिल्ली के शिक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाई प्रदान करेगा और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *