चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को धानक समाज के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में हरियाणा और चंडीगढ़ के अलावा पंजाब से आए प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
29 जून को भिवानी में राज्य स्तरीय संत कबीर जयंती
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 29 जून को भिवानी में राज्य स्तरीय संत कबीर जयंती समारोह मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार धानक समाज के सम्मान की प्रहरी है।
बाबा साहब को लेकर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि वे केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि करोड़ों वंचितों के सपनों के भी निर्माता थे। बाबा साहब ने हर व्यक्ति को समान अधिकार, समान अवसर और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया।
डीएससी समाज को लेकर अहम घोषणाएं
सीएम सैनी ने बताया कि सरकार ने अनुसूचित जातियों के लिए सरकारी सेवाओं में आरक्षित 20% कोटे में से 10% हिस्सा विशेष रूप से वंचित अनुसूचित जातियों (DSC) को दिया है। इसी का नतीजा है कि हरियाणा पुलिस भर्ती में 604 बच्चे डीएससी समाज से भर्ती हुए हैं।
16500 परिवारों को मिले 100-100 गज के प्लॉट
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जरूरतमंद 16500 परिवारों को अलग से 100-100 वर्ग गज के प्लॉट दिए हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
बैठक में धानक समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें और सुझाव भी रखे। सीएम ने आश्वासन दिया कि सरकार समाज के हित में लगातार काम करती रहेगी।