देश को दहलाने की साजिश नाकाम! दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किए 9 आतंकी गिरफ्तार, ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों को दहलाने की बड़ी साजिश का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन का खुलासा हुआ है।

हमले से पहले ही धर दबोचे गए आरोपी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी देश के अलग-अलग शहरों में आतंकी हमलों को अंजाम देने की फिराक में थे। लेकिन समय रहते पुलिस ने इनकी योजना को नाकाम कर दिया। आरोपियों को हमले से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं।

अहम ठिकाने थे निशाने पर
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों को दिल्ली में स्थित महत्वपूर्ण सरकारी और रणनीतिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अलावा सुरक्षा बलों के जवान भी इनके टारगेट पर थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनकी हिट लिस्ट में पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और पावर हाउस जैसे क्रिटिकल इंस्टालेशन शामिल थे।

ISI के इशारे पर कर रहे थे काम
शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि सभी 9 आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में दहशत फैलाने आए थे। इनके पास से ग्रेनेड और सफिस्टिकेटेड वेपन भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, मुंबई और पंजाब के रहने वाले लोग शामिल हैं। साथ ही कुछ विदेशी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया है।

मुंबई अंडरवर्ल्ड से भी कनेक्शन
दिल्ली पुलिस ने इस ऑपरेशन में ISI के साथ-साथ मुंबई अंडरवर्ल्ड के गठजोड़ का भी खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों का मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से सीधा संपर्क सामने आया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी दिल्ली और मुंबई समेत देश के बड़े शहरों में आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *