केदारनाथ यात्रा अस्थाई रूप से रोकी गई, बद्रीनाथ मार्ग पर 10 किमी लंबा जाम; भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़े मिजाज ने चारधाम यात्रा पर ब्रेक लगा दिया है। रुद्रप्रयाग प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा को अस्थाई रूप से रोक दिया है। वहीं बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर भीषण जाम से हजारों यात्री फंसे हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

केदारनाथ यात्रा पर रोक, हेल्पलाइन जारी

रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक्स पर एडवाइजरी जारी कर बताया कि भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते केदारनाथ यात्रा को अस्थाई तौर पर रोका गया है। फिलहाल सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। प्रशासन ने यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 8958757335, 8218326386 और 112 जारी किए हैं। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है।

बद्रीनाथ हाईवे पर हालात बेकाबू

जोशीमठ के पास बद्रीनाथ नेशनल हाईवे (NH-7) पर 10 किमी लंबा जाम लगा है। वाहनों की आवाजाही लगभग ठप है। जाम हटाने के लिए प्रशासन ने 30 मिनट के अंतराल पर एकतरफा यातायात के लिए टोकन-आधारित गेट सिस्टम शुरू किया है। जोशीमठ में नरसिंह मंदिर के पास यह गेट बनाया गया है, ताकि श्रद्धालु इंतजार के दौरान दर्शन भी कर सकें।

रोज 45 हजार यात्री, सड़कें बनीं चुनौती

चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि रोजाना 30,000 से 35,000 तीर्थयात्री बद्रीनाथ और 5,000 से 10,000 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब जा रहे हैं। इस भारी भीड़ से हाईवे पर दबाव बढ़ गया है। खासकर जोशीमठ-मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग का 10 किमी का हिस्सा बेहद खराब है। कुछ साल पहले जोशीमठ में हुए भू-धंसाव ने सड़क ढांचे को बुरी तरह प्रभावित किया था।

बारिश और भूस्खलन बनी वजह

लगातार बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। कई जगहों पर जाम की स्थिति है। प्रशासन रुक-रुक कर ट्रैफिक खोल रहा है। संकरे भूभाग को देखते हुए एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

मौसम साफ होने और स्थिति सामान्य होने पर ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *