यूपी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से कई जिले प्रभावित; गर्मी से मिली राहत

weather pattern changed in UP: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ली। राजधानी लखनऊ सहित उन्नाव, सीतापुर और बहराइच जैसे इलाकों में धूलभरी आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। तेज हवाओं और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मौसम पूरी तरह बदल गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

कई जिलों में ओलावृष्टि, सड़कें सफेद

उन्नाव में भारी ओलावृष्टि दर्ज की गई, जहां ओलों की मोटी परत से सड़कें सफेद हो गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़कें पूरी तरह ओलों से ढक गई हैं। सीतापुर में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण दुकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक मॉल के शीशे टूटने की भी सूचना है। कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

लोगों को गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के लोगों को लंबे समय से जारी गर्मी और उमस से राहत मिली है। दिनभर की तपिश के बाद अचानक मौसम सुहावना हो गया, जिससे सड़कों और बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। साथ ही कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। हवाओं की रफ्तार तेज रहने की आशंका है, जिससे मौसम अस्थिर बना रह सकता है।

किसानों के चेहरे पर खुशी

लगातार गर्मी और सूखे जैसे हालात के बीच हुई इस बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। कई जगहों पर खेतों को पानी मिलने से कृषि कार्यों को फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *