फरीदाबाद: केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भ्रष्ट अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा खाने वालों को कीड़े पड़ेंगे। इसका खामियाजा उन्हें और उनकी औलाद को भुगतना पड़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो भी जनता के पैसे का दुरुपयोग करेगा ,उसे याद रखना चाहिए कि ऊपर एक शक्ति बैठी है जो लगातार सब पर नजर बनाए हुए हैं और जो भी ऐसा करेगा उसको न केवल कीड़े पड़ेंगे, बल्कि उसकी संतानों को भी यह भुगतना पड़ेगा।
निगम को बनाया लूट का अड्डा
कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद में अधिकारियों की बैठक के दौरान भड़कते हुए ये बातें कहीं। वह मंगलवार को दिशा की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में बड़खल के विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी के विधायक सतीश फागना, पूर्व मंत्री और विधायक मूलचंद शर्मा समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सबसे ज्यादा नगर निगम के अधिकारियों पर भड़कते नजर आए और कहा कि अधिकारियों ने नगर निगम को लूट का अड्डा बना रखा है।
फरीदाबाद में बैठक के दौरान भड़के मंत्री
फरीदाबाद में आयोजित दिशा की बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करने का था, लेकिन समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री जमकर भड़क उठे। अधिकारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए उन्होंने कीड़े पड़ने तक की चेतावनी दे डाली। इस दौरान बड़खल , बल्लभगढ़ और एनआईटी के विधायकों ने भी जमकर अधिकारियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर निगम में चोर बैठे हुए हैं।
कई अधिकारियों पर चार्जशीट करने का दिया आदेश
केंद्रीय मंत्री ने कुछ अधिकारियों को चार्ज शीट करने के आदेश भी दिए। गुस्से में उन्होंने यहां तक कह दिया की नगर निगम को अधिकारियों ने लूट का अड्डा बना रखा है , जहां ठेकेदारों के जरिए नगर निगम में पैसों की बंदरबांट हो रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहां की विकास कार्यों के लिए जो पैसा आता है वह जनता के खून पसीने की कमाई होती है और जो भी इसका दुरुपयोग करता है तो याद रखे ऊपर एक शक्ति बैठी है, जिसकी सब पर नजर रहती है।
इसलिए जो जनता के पैसे को खाएगा, उसके इसी जन्म में कीड़े भी पड़ेंगे , भुगतना पड़ेगा और औलादे को भी यहीं भुगतना पड़ेगा। वहीं NEET की परीक्षा रद्द होने पर उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार कार्यवाही कर रही है और जो भी दोषी होगा उसको किसी भी कीमत पर बक्सा नहीं जाएगा ।