500 में 499 अंकों के साथ दीपिका बनी हरियाणा बोर्ड कक्षा 12वीं की टॉपर, CM सैनी ने दी बधाई

cm Nayab Singh Saini

Haryana Board Result: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो गया है। इस बार फिर लड़कियों ने परचम फहराया है। हरियाणा की दीपिका ने 500 में से 499 अंक हासिल करके 12वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉप किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बोर्ड परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार की ओर से हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

सैनी ने एक्स पर दी बधाई

नायब सिंह सैनी ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा यह सफलता आपके वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और रात-दिन की मेहनत का सुंदर परिणाम है। आपने न सिर्फ अपनी मेहनत का फल पाया है, बल्कि अपने माता-पिता, शिक्षकों और पूरे परिवार का सपना भी साकार किया है। यह उपलब्धि आपके भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी। आशा है कि आप आगे की पढ़ाई, करियर और जीवन के हर क्षेत्र में इसी लगन और उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे तथा अपने परिवार, समाज और हरियाणा प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।

असफलता से न हों निराश

उन्होंने परीक्षा में असफल हुए परीक्षार्थियों को भी हार न मानने की सलाह दी। सीएम सैनी ने कहा कि सफलता का स्वाद जितना मीठा होता है, असफलता उतनी ही बड़ी सीख देती है। जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए, वे बिल्कुल निराश न हों। परीक्षा का एक परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होता। जीवन बहुत बड़ा है और इसमें असफलता अक्सर नई शुरुआत का द्वार खोलती है। धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। कई महान व्यक्तियों ने जीवन में कई बार असफलता का सामना किया, लेकिन हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना, मेहनत बढ़ाई और अंत में सफलता के शिखर पर पहुंचे।

गलतियों से लें सीख

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप भी अपनी गलतियों से सीख लें, कमजोर विषयों पर और अधिक ध्यान दें तथा अगली परीक्षा या लक्ष्य के लिए तैयार हो जाएं। माता-पिता और शिक्षक आपका साथ दें, सरकार की विभिन्न स्कॉलरशिप और सुविधाओं का लाभ लें। याद रखें कि असली सफलता वह नहीं जो एक परीक्षा में मिले, बल्कि वह जो आपके चरित्र, ज्ञान और मेहनत से आए। हरियाणा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। स्किल डेवलपमेंट, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक बार फिर सभी सफल विद्यार्थियों को बहुत-बहुत बधाई। असफलता झेल रहे विद्यार्थियों को विश्वास दिलाते हैं कि उनका भविष्य भी उज्ज्वल है। सफलता निश्चित रूप से आपका इंतजार कर रही है।

हरियाणा बोर्ड (HBSE) कक्षा 12वीं 2026 टॉपर्स

1st रैंक: दीपिका (Deepika) — 499/500 मार्क्स

स्कूल: विवेकानंद विद्यामंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चिल्लर (रीवाड़ी)

2nd रैंक: उदिता (Udita) — 498/500 मार्क्स

स्कूल: विश्ववारा कन्या गुरुकुल, रुड़की (रोहतक)

3rd रैंक (संयुक्त): योगिता (Yogita) — 497/500 मार्क्स

स्कूल: शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल, बुदैन (जींद)

3rd रैंक (संयुक्त): मुस्कान (Muskan) — 497/500 मार्क्स

स्कूल: ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, धमतान साहिब (जींद)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *