महाराष्ट्र बजट 2026-27: किसानों के लिए दो लाख रुपये तक कर्ज माफी का ऐलान, सरकार ने दी बड़ी राहत

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि 30 सितंबर 2025 तक बकाया दो लाख रुपये तक के फसली ऋण माफ कर दिए जाएंगे। इस फैसले से राज्य के लाखों कर्जदार किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ के तहत राहत

मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में बताया कि ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ के तहत किसानों को यह राहत दी जाएगी। योजना के तहत 30 सितंबर 2025 तक बकाया फसली ऋण में से दो लाख रुपये तक की राशि माफ की जाएगी, जिससे किसानों का आर्थिक बोझ कम होगा।

नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन

सरकार ने उन किसानों के लिए भी प्रोत्साहन की घोषणा की है जो नियमित रूप से अपने कर्ज की अदायगी करते रहे हैं। ऐसे किसानों को राज्य सरकार की ओर से 50,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि समय पर कर्ज चुकाने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सके।

‘माझी लाडकी बहिन योजना’ जारी रहेगी

फडणवीस ने कहा कि महिलाओं के लिए पहले से संचालित ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ आगे भी जारी रहेगी और इसके लिए पर्याप्त बजट प्रावधान किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

ग्रामीण विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के एक हजार से अधिक आबादी वाले सभी गांवों को कंक्रीट सड़कों से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

2047 तक बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र देश की आर्थिक ताकत है और राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को पांच लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचाना है। इसके लिए उद्योग, कृषि और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दिवंगत अजित पवार को दी श्रद्धांजलि

अपने बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के दिवंगत वित्त मंत्री अजित पवार को भी याद किया और कहा कि उनके सम्मान में एक उपयुक्त स्मारक बनाया जाएगा। पवार का जनवरी में एक विमान हादसे में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से मुख्यमंत्री फडणवीस ही राज्य के वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं।

बजट पेश किए जाने के दौरान विधानसभा में भावुक माहौल देखने को मिला। कई सदस्यों ने ‘अजित दादा अमर रहे’ के नारे लगाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *