उत्तराखंड स्थापना दिवस पर अमित शाह की बड़ी सौगात, 1475 करोड़ की 62 योजनाओं का किया शिलान्यास

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में 1,475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। कुल परियोजनाओं में 1,073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये योजनाएं सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, शहरी विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं।

2047 तक विकसित भारत की यात्रा में उत्तराखंड की अहम भूमिका

समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखंड होगा। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस को गौरव, उपलब्धियों और नए संकल्पों का अवसर बताया। गृह मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखंड की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

केंद्र और राज्य की परियोजनाओं का किया उल्लेख

गृह मंत्री ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश में विकास और संपर्क सुविधाओं को नई गति मिल रही है। अमित शाह ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने पहला स्थान हासिल किया है।

15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान

समारोह में अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने 15 विभूतियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, अदम्य साहस का परिचय देने वाले छह बच्चों को प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार दिया गया। प्रत्येक बच्चे को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमित शाह को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, शॉल, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *